गगरेट के लोअर भंजाल में आग का तांडव, सैनेटरी शॉप जलकर राख…लाखों रुपए का नुक्सान

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लोअर भंजाल (पठाला) के मुख्य बाजार में एक बड़ी अनहोनी घट गई। यहां स्थित एक सैनेटरी की दुकान (श्री कृष्णा सैनेटरी हाऊस) भीषण आग की चपेट में आ गई। इस घटना में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपए का कीमती सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैली अन्यथा नुक्सान का आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान मालिक ने रोजमर्रा की तरह शनिवार रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद की और घर चले गए। उस वक्त तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन बंद शटर के पीछे कब बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ और कब चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया, इसका किसी को पता नहीं चला। पूरी रात दुकान के भीतर आग सुलगती रही और सामान को अपनी चपेट में लेती रही।

रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दिनचर्या के मुताबिक दुकान खोलने पहुंचा तो उसे अनहोनी का जरा भी अंदेशा नहीं था। जैसे ही उसने दुकान का शटर उठाया तो भीतर से निकले धुएं के गुबार और सामने का नजारा देखकर वह सन्न रह गया। उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।

दुकानदार ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान का मुख्य काऊंटर, महंगी फिटिंग और प्लास्टिक व अन्य मैटीरियल का सैनेटरी का सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। जो थोड़ा-बहुत सामान आग की लपटों से बच भी गया, वह धुएं और तपिश के कारण पूरी तरह काला पड़ चुका है और बेचने लायक नहीं रहा। दुकानदार के मुताबिक उसे इस घटना में लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण दुकान के अंदर हुआ विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना के बाद पठाला बाजार के अन्य व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की जल्द से जल्द जांच करवाई जाए, साथ ही पीड़ित दुकानदार को हुए भारी आर्थिक नुक्सान का आकलन कर सरकार की ओर से उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए, ताकि वे अपने कारोबार को दोबारा खड़ा कर सके।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related