280 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर शुरू होगा काम, धर्मशाला-नगरोटा-पालमपुर में आरंभ किए जाएंगे कई बड़े प्रोजेक्ट
हिमखबर डेस्क
हिमाचल की पर्यटन राजधानी कांगड़ा के टूरिज्म को नया साल पंख लगाने वाला है। वर्ष 2025 में एडीबी के सहयोग से कांगड़ा में करीब आधा दर्जन से अधिक से बड़ी एवं महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं के काम शुरू होने वाले हैं। इसके लिए पर्यटन विभाग ने करीब 280 करोड़ के प्रोजेक्ट बनाकर सरकार से अप्रूवल ले ली है। जनवरी माह में एडीबी से धन भी मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने का ऐलान कर चुके हैं। इस दिशा में अगर एडीबी के 280 करोड़ की करीब आधा दर्जन से अधिक परियोजनाएं सिरे चढ़ती हैं, तो कांगड़ा सच में ही पर्यटन राजधानी बन जाएगी।
कांगड़ा जिला के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में खर्च होने वाली इस बड़ी धनराशि से अनेक महत्त्वाकांक्षी परियोजनाएं सिरे चढ़ेंगी। कन्वेंशन सेंटर जैसी बड़ी परियोजना,राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस के लिए धर्मशाला को न केवल हिमाचल, बल्कि उत्तर भारत का बड़ा केंद्र बना देगी।
कांगड़ा जिला में एडीबी की सहयोग से शुरू होने वाली परियोजनाओं में कइयों की तमाम औपचारिकताएं भी पूरी हो चुकी हंै और कई प्रोजेक्ट्स के टेंडर भी अवार्ड हो चुके हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एडीबी से पैसा मिलने पर इनका काम शुरू कर दिया जाएगा।
इनमें से नगरोटा बगवां में 150 कनाल भूमि वेलनेस सेंटर और इंटरनेशनल फाउंटेन पार्क के लिए चयनित की गई है। इसके लिए तमाम सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा नगरोटा में ही शहर के सौंदर्यकरण सहित नारदा शारदा मंदिर व चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण प्रस्तावित है, जबकि धर्मशाला के सकोह में आइस स्केटिंग रिंक व आइस रोलर रिंक बनाने का प्रोपोजल है। इसके लिए सारे इंतजाम कर लिए गए हैं।
इसके अलावा धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में कनवेंशन सेंटर बनाया जाएगा। करीब 150 करोड़ से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय कनवेंशन सेंटर से धर्मशाला राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनाओं का बड़ा केंद्र बन जाएगा। यहां पहले भी जी-20 से लेकर तमाम बड़े आयोजन हो चुके हैं। इसी तरह एडीबी के तहत पालमपुर के सौंदर्यीकरण व पार्किंग के प्रोजेक्ट पर काम होने वाला है। पालमपुर में न्यूगल कैफे के निकट भी सौंदर्यीकरण होगा।
पर्यटन विभाग उपनिदेशक विनय धीमान के बोल
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान का कहना है कि जिला कांगड़ा की विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्लान तैयार हैं। सरकार से अप्रूवल भी मिल चुकी है। अब राशि मिलते ही नए साल में कई परियोजनाओं के काम धरातल पर उतर आएंगे। इससे जिला के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली के बोल
पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली का कहना है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने का जो ऐलान किया है, उस पर पर्यटन विभाग ने काम शुरू कर दिया है। जल्द ही ग्राउंड पर काम दिखने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए वह स्वयं सभी परियोजनाओं का रिव्यू कर रहे हैं।

