शाहपुर – कोहली
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर में चल रहे फोरलेन के काम ने अब गति पकड़ना शुरू कर दी है। शाहपुर के अधिकतर क्षेत्र में इसमें फोरलेन का काम चला हुआ है। अब कुछ ही महीने में शाहपुर बाजार में भी फोरलेन का काम शुरू हो जाएगा।
लिहाजा वीरवार से 39 मिल से लेकर शाहपुर बाजार तक पेड़ों की कटाई का काम शुरू हो चुका है। कंपनी के मजदूरों की ओर से यहां पेड़ों का काम तेज गति से शुरू कर दिया है। पेड़ों की कटाई के बाद यहां बाजार में भी काम शुरू हो जाएगा।
अब पुराना शाहपुर बाजार कुछ ही महीने का मेहमान बचा है। इस समय विधानसभा क्षेत्र शाहपुर में लगभग 17 किलोमीटर क्षेत्र में फोरलेन का काम होना है। इसमें दो बड़े ब्रिज भी बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त योजना के मुताबिक छोटी-छोटी पुलियां भी बनाई जा रही हैं, लेकिन बरसात के कारण अधिकतर काम रुका हुआ है।
लिहाजा फोरलेन निर्माण के लिए जो पुराना हाईवे था उसे जगह-जगह उखाड़ दिया गया है। इस समय केवल शाहपुर बाजार को छोड़कर सभी जगह काम चला हुआ है। बरसात के कारण काम जरूर बाधित हो रहा है।
शाहपुर बाजार छोड़ सभी जगह काम तेज
जानकारी के अनुसार बता दें कि शाहपुर में घटनालू से रजोल तक फोरलेन का काम होना है। इस समय घटनालू से लेकर द्रमण तक अधिकतर फोरलेन का निर्माण हो चुका है, लेकिन इस बीच छतड़ी और द्रमण के बीच दो ऐसे प्वाइंट हैं जो अभी कच्चे छोड़े हैं।
इसके अतिरिक्त पुहाड़ा से लेकर रैत तक भी फोरलेन का काम चला हुआ है। चंबी से लेकर राजोल तक भी अधिकतर सड़क को उखाड़ दिया गया है। इसमें लगभग 50 फ़ीसदी कम पूरा हो चुका है और यहां पर कुछ छोटी पुलियों का निर्माण भी किया जा रहा है। जबकि शाहपुर बाजार में ये काम रुका हुआ है।
कुछ दुकानदारों ने शाहपुर बाजार को उजाड़ने के विरोध में कोर्ट में केस किया था, जिसके काम यहां बाजार में काम शुरू नहीं हो पाया था। अब इसको लेकर स्थिति स्पष्ट होने लगी है और बाजार में पेड़ कटाई का काम शुरू हो गया है।
एसडीएम शाहपुर करतार चंद के बोल
एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने कहा कि शाहपुर बाजार में ट्रक लेन बनाने की स्थिति साफ हो चुकी है। शाहपुर बाजार के कुछ एक दुकानदारों की तरफ से कोर्ट में केस किया था। जिस पर करवाई चल रही है।
शाहपुर बाजार में फोरलेन न बनाने को लेकर कोई आदेश नहीं हैं और न ही अभी तक हरी झंडी मिली है। लिहाजा कुछ महीने में इस पर स्थिति साफ हो जाएगी और यहां पर भी फोरलेन काम शुरू हो जाएगा। इसी कड़ी में वीरवार को कंपनी की तरफ से बाजार में सड़क के किनारे पेड़ों को काटा गया है।