पंचायती राज विभाग के सचिव की ओर से इन पदों के आबंटन को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिले के विकास खंड में ये पद भरे जाने हैं।
शिमला – नितिश पठानियां
प्रदेश के 3 जिलों के 36 विकास खंडों में तकनीकी सहायकों के 536 पद भरे जाएंगे। कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिले के विकास खंड में ये पद भरे जाने हैं। पंचायती राज विभाग के सचिव की ओर से इन पदों के आबंटन को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। इ
सके तहत कांगड़ा जिले के 16 विकास खंडों की 814 पंचायतों में तकनीकी सहायक के 271 पद आबंटित किए गए हैं जबकि कुल्लू जिले के 6 विकास खंड की 235 पंचायतों में 78 पद और मंडी जिले के 14 विकास खंड की 559 पंचायतों में तकनीकी सहायक के 187 पद आबंटित किए गए हैं।
पहले भरे जाने थे 1205 पद
पूर्व सरकार ने बीते वर्ष जून माह में प्रदेश के सभी जिलों के विकास खंडों में तकनीकी सहायक के 1205 पद भरने की अधिसूचना जारी की थी लेकिन वर्तमान सरकार ने इसमें संशोधन करके राज्य के 3 जिलों में इन पदों को भरने का फैसला लिया है।
एक अप्रैल, 2022 के बाद नवगठित विकास खंडों के सृजन संबंधी जारी विभिन्न अधिसूचनाओं को निरस्त करने के बाद सरकार ने दोबारा से इन पदों का आबंटन किया है। राज्य के केवल 3 जिलों के लिए ही उक्त पद आबंटित किए गए हैं। हालांकि ये पद जिला परिषद काडर के तहत भरे जाएंगे या नियमित तौर पर भरे जाएंगे, इसकी अधिसूचना विभाग की ओर से बाद में जारी की जाएगी।
389 पंचायत सचिव व 124 ग्राम रोजगार सेवक के पद जल्द भरेगा विभाग
विभाग 389 पंचायत सचिव व 124 ग्राम रोजगार सेवक के पद जल्द भरने जा रहा है। इसकी अपू्रवल विभाग कैबिनेट से ले चुका है और वित्त विभाग ने भी इसे हरी झंडी दे दी है। ऐसे में इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकती है।
गौर हो कि पंचायत सचिव के 389 पद जिला परिषद काडर से भरे जा रहे हैं। हालांकि उक्त काडर के तहत 4700 कर्मचारी व अधिकारी सरकार से उनकी सेवाओं को विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार एक बार फिर उक्त काडर के तहत भर्ती कर युवाओं का भविष्य दांव पर लगा रही है। इस दौरान तकनीकी सहायक के 124 पदों को भरने की मंजूरी भी सरकार से मिल चुकी है।

