
ऊना – अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के मैहतपुर स्थित निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद युवक की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. शुक्रवार से लगातार परिजनों द्वारा मैहतपुर में निजी अस्पताल के आगे चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है.
दूसरे दिन भी शनिवार को यह प्रदर्शन जारी है. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मैहतपुर के बाद संतोषगढ़ में भी चक्का जाम कर दिया, जिससे पंजाब के विभिन्न रास्तों से ऊना आने जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और अन्य रास्तों का सहारा लेना पड़ा.
शुक्रवार शाम से ही लगातार पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी प्रदर्शनकारियों को मनाने में जुटे रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी डाक्टरों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं.
दरअसल, बुधवार को जिला ऊना के सनोली गांव का 39 वर्षीय दविन्द्र कुमार मैहतपुर स्थित निजी अस्पताल में नाक की सर्जरी करवाने के लिए आया था, लेकिन आपरेशन के बाद युवक की मौत हो गई थी.
आपरेशन के बाद हुई युवक की मौत से परिजन और ग्रामीण भड़क उठे और उन्होंने निजी अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही बरतने के आरोप जड़ते हुए पुलिस में शिकायत दी थी, जिसपर पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर युवक के शव को कब्जे में लेकर टांडा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाया, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शुक्रवार को शव हाइवे पर रख प्रदर्शन शुरू कर दिया, जोकि अभी भी लगातार जारी है.
शुक्रवार शाम से ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे जहाँ तक कि प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता भी हुई लेकिन प्रशासन प्रदर्शनकारियों को मनाने में नाकामयाब रहा.
प्रदर्शनकारी लगातार निजी अस्पताल के संचालक और मोहाली से आपरेशन करने आये चिकित्सक की गिरफ्तारी के साथ साथ मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजे और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा.
एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने कहा कि पुलिस द्वारा निजी अस्पताल को सील कर दिया गया है और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जा रही है, ताकि वो धरना प्रदर्शन को खत्म करें.
एएसपी प्रवीण धीमान ने कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा कुछ स्थानों पर जाम लगाया गया है, जबकि पुलिस द्वारा ट्रेफिक को वैकल्पिक मार्गों से डाइवर्ट किया गया है.
