
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गांव दाड़ी डाकघर दाबला के रहने वाले असम राइफल में कार्यरत जगरनाथ पुत्र दयाराम की ब्रेन हैमरेज से मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार वारंट ऑफिसर जगरनाथ दीमापुर असम में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जगरनाथ हाल ही में अपने घर आए हुए थे। उन्होंने 12 नवम्बर को मतदान किया था। उसके उपरांत वो अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार को उन्हें अचानक ब्रेन हैमरेज हो गया, जिसके चलते वहां पर उनका उपचार चल रहा था।
जगरनाथ आईसीयू में भर्ती थे। रविवार को असम राइफल के 3 जवान उनके पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव पहुंचे, जहां पर सीर खड्ड के किनारे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। वारंट ऑफिसर जगरनाथ अपने पीछे पत्नी तथा 2 बेटे छोड़ गए हैं।
घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रशासन की ओर से एसडीएम घुमारवीं राजीव ठाकुर तथा डीएसपी अनिल ठाकुर ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
