
सोलन – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में चुनावी बेला के बीच पुलिस ने शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। बद्दी पुलिस ने शराब से भरा ट्रक बरामद किया है। ट्रक में करीब 449 पेटी शराब की पाई गई है।
आबकारी एवं काराधान विभाग ने पुलिस की सहायता से यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार आबकारी एवं काराधान विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बीबीएन क्षेत्र के घराहा भटोली मार्ग पर एक शराब से भरा ट्रक खड़ा है।
एचपी 93-4076 ट्रक नंबर को की पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने जांच की तो इसमें अवैध शराब बरामद की गई है। शराब की बोतल पर आईएमएफएल सेल इन चंडीगढ़ लिखा गया था।
पुलिस व विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ट्रक चालक वहां से फरार हो चुका था। पुलिस की ओर से ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
चुनावाें में सप्लाई की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शराब की अवैध सप्लाई बीबीएन व आसपास के क्षेत्रों के लिए लाई गई थी। हालांकि अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि शराब से भरा ट्रक कहां से आया था और इसकी सप्लाई कहां पर की जा रही थी।
हिमाचल में नहीं बेची जा सकती है यह शराब
ट्रक में जो शराब पाई गई है उसे हिमाचल प्रदेश में नहीं बेचा जा सकता है। आबकारी एवं काराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। यह शराब सिर्फ चंडीगढ़ में सेल करने के लिए है। इसे हिमाचल में लाया भी नहीं जा सकता। लेकिन अवैध तरीके से पूरा ट्रक हिमाचल में पहुंचा दिया गया।
ट्रक चालक की तलाश जारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला ने बताया अभी कार्रवाई जारी है तथा पता लगाया जा रहा है कि यह सप्लाई कहां से आई है। उन्होंने कहा ट्रक चालक की तलाश भी जारी है।
