हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के सोलन जनपद की होनहार बेटी और डिग्री कॉलेज सोलन की छात्रा परिनीता ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की कैडेट परिनीता का चयन प्रतिष्ठित यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम (YEP) के लिए हुआ, जिसके तहत उन्हें रूस में भारत की यूथ एंबेसडर के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल सोलन बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।
परिनीता की सफलता उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। वर्ष 2026 के रिपब्लिक डे कैंप (RDC) के लिए उनका चयन हुआ था, जिसके तहत उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के शिविर में भाग लिया। इस प्रतिष्ठित कैंप में देशभर से चयनित प्रतिभाशाली एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया था।
रिपब्लिक डे कैंप के दौरान परिनीता ने विभिन्न सांस्कृतिक और नेतृत्व गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी प्रतिभा और अनुशासन से अधिकारियों तथा प्रशिक्षकों को प्रभावित किया। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री रैली में मार्च करने का गौरव भी प्राप्त हुआ, जो किसी भी एनसीसी कैडेट के लिए अत्यंत सम्मान और गर्व का विषय माना जाता है।
इसी कैंप के दौरान आयोजित चयन प्रक्रिया में पूरे देश से केवल 10 एनसीसी कैडेट्स को यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए चुना गया, जिनमें परिनीता का नाम भी शामिल रहा। चयन के बाद उन्हें 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, कूटनीतिक व्यवहार और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने की विशेष ट्रेनिंग प्रदान की गई।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद परिनीता भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रूस रवाना हुईं। वहां उन्होंने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता, युवा शक्ति और रक्षा परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। साथ ही रूस की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक जीवन को भी करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया।
परिनीता ने बताया कि उनकी इस सफलता में माता-पिता, शिक्षकों और एनसीसी प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीसी ने उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित की, जिससे उन्हें यह मुकाम हासिल करने में मदद मिली।
परिनीता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर डिग्री कॉलेज सोलन, एनसीसी इकाई, शिक्षकों, सहपाठियों तथा क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

