काँगड़ा – राजीव जस्वाल
कांगड़ा के खोली गांव की विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के मायका पक्ष की शिकायत पर पुलिस द्वारा पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद शुक्रवार को खोली गांव के सैकड़ों ग्रामीण कांगड़ा थाना पहुंचे।
ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष का समर्थन करते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए सभी लोग बेगुनाह हैं और मामले की पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिवार के लगभग सभी सदस्यों के हिरासत में होने से मृतका की दो छोटी-छोटी बेटियों के पालन-पोषण और भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस दौरान थाना प्रभारी संजीव कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस की पूरी कार्रवाई कानून और निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस की जांच प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि खोली गांव की 38 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मृतका के मायका पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के थाने पहुंचने से यह मामला अब नए सामाजिक और कानूनी पहलू के साथ चर्चा का विषय बन गया है।

