हिमखबर डेस्क
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा मानवाधिकारों के संरक्षण और प्रोत्साहन के उद्देश्य से ‘शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता-2026’ आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग के उप निदेशक जैमिनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि देश का कोई भी नागरिक बिना किसी आवेदन शुल्क के प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। एक प्रतिभागी एक से अधिक फिल्में भी भेज सकता है, हालांकि प्रत्येक फिल्म के लिए अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए डेढ़ लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा जूरी की सिफारिश पर अधिकतम चार फिल्मों को 50-50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार के साथ ‘विशेष उल्लेख प्रमाण पत्र’ भी दिया जा सकता है।
प्रतियोगिता के लिए बनाई जाने वाली शॉर्ट फिल्म मानवाधिकारों से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विषयों जैसे बाल श्रम, महिला अधिकार, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण आदि पर आधारित होनी चाहिए। फिल्म फिक्शन, डॉक्यूमेंट्री अथवा एनिमेशन शैली में 3 से 10 मिनट की अवधि की हो सकती है।
फिल्म अंग्रेजी अथवा किसी भी भारतीय भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ होनी चाहिए। इसका तकनीकी प्रारूप एमपी-4 फुल एचडी रखा गया है तथा फिल्म का आकार अधिमानतः 2 जीबी से अधिक नहीं होना चाहिए।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में भेजी जाने वाली फिल्म किसी भी सोशल मीडिया मंच पर उपलब्ध नहीं होनी चाहिए और न ही पहले आयोग की किसी प्रतियोगिता में भेजी गई हो। अश्लील सामग्री पाए जाने पर फिल्म को तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। प्रतिभागियों को अपने गूगल ड्राइव में “Short Film Award-2026, आवेदक/प्रॉडक्शन हाउस का नाम” शीर्षक से एक फोल्डर बनाना होगा। इसमें आवेदन फॉर्म, पहचान पत्र, फिल्म का संक्षिप्त सारांश तथा मुख्य शॉर्ट फिल्म अपलोड करनी होगी।
इसके बाद गूगल ड्राइव फोल्डर का लिंक आयोग की आधिकारिक ईमेल आईडी nhrcshortfilm@gmail.com पर भेजना होगा, जिसमें आवेदक का पूरा डाक पता और मोबाइल नंबर देना आवश्यक होगा।
प्रतियोगिता के परिणाम nhrc.nic.in प्रेस विज्ञप्तियों तथा एक्स हैंडल पोस्ट के माध्यम से घोषित किए जाएंगे।

