
ज्वाली , माधवी पंडित
नगर पंचायत जवाली के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन सहित पार्षदों ने लोगों को आसमान छूती सब्जियों के दामों से निजात दिलाने के लिए स्वयं सब्जी की दुकान कैहरियां में खोली है तथा इसमें कोरोना संक्रमित गरीब परिवारों को मुफ्त सब्जियां घर पर पहुंचाने का भी निर्णय लिया है।
लोगों को बाजारों की सब्जी दुकानों से 45 प्रतिशत कम दाम पर बेच रहे हैं। इससे पहले समाजसेवी सौरभ चौधरी द्वारा सब्जी मंडी खोलकर लोगों को सस्ती सब्जी मुहैया करवाई जा रही थी। जिसमें अब नगर पंचायत का भी सहयोग मिल रहा है।
इनका मिल रहा है सहयोग सब्जी बेचने के लिए नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन पुष्पा चौधरी ने अपनी दुकान सेवा में दी है। जबकि चेयरमैन राजिंदर कुमार, वाइस चेयरमैन अजय विवेक पठानिया, पार्षद पूजा, पार्षद सीमा, पार्षद जगपाल जग्गू सहित अमित कुमार, कर्ण मेहरा, सौरभ चौधरी, बीडीसी उमेश धीमान, राजेश खन्ना, अजय लुधियाडच, अशोक चौधरी, विशाल चौधरी, मनु शर्मा, परविंदर चौधरी भी इसमें अपना सहयोग दे रहे हैं।
चेयरमैन राजिंदर कुमार ने कहा कि हर पार्षद व समाजसेवी इसमें अपना सहयोग दे रहा है तथा नगर पंचायत के किसी भी वार्ड से अगर कोई गरीब व्यक्ति कोरोना संक्रमित है तो उसको मुफ्त सब्जी उसके घर पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को महंगी सब्जियों से काफी निजात मिलेगी।
तीन गुणा ज्यादा दामों से राहत दिलवाना लक्ष्य नगर पंचायत जवाली की पूर्व चेयरमैन एवं पार्षद पुष्पा चौधरी व समाजसेवी सौरभ चौधरी ने कहा कि जवाली में सब्जी दुकानदार मंडियों के दामों से तीन गुणा ज्यादा दामों में सब्जियां व फ्रूट बेचकर कोरोनाकाल में जनता को ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य जनता को सस्ती सब्जी उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सब्जी मंडी खोलकर लोगों को महंगी सब्जियों से निजात दिलाई गई थी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पैसा कमाना नहीं अपितु जनता को निजात दिलाना है। उन्होंने कहा कि जब तक लॉकडाउन रहेगा, तब तक यह सब्जी मंडी चलती रहेगी।
