ठेकेदार ने पैसे बचाने के लिए नाले में बिछा दी 60 करोड़ की पेयजल लाइन

--Advertisement--

जलशक्ति विभाग ने लगाई लताड़, ठेकेदार को उखाड़कर दोबारा सुरक्षित तरीके से बिछाने के दिए निर्देश, तय समय में पूरा करना होगा काम, 12 पंचायतों की हजारों आबादी के लिए रावी से बनाई जा रही योजना

चम्बा – भूषण गुरुंग

जिले की 12 पंचायतों में पीने के पानी की व्यवस्था करने के लिए बिछाई जा रही 60 करोड़ की पेयजल लाइन को ठेकेदार ने असुरक्षित तरीके से नाले में ही बिछा दिया। यह कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकती थी। इसकी भनक लगते ही जल शक्ति विभाग ने सबसे पहले गलत तरीके से पेयजल लाइन बिछाने के लिए ठेकेदार को लताड़ लगाई।

नाले में बिछाई पेयजल लाइन को उखाड़कर सुरक्षित स्थान से बिछाने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि जिस समयावधि में इस स्कीम को बनाना तय हुआ है, उसी में उसे यह स्कीम बनाकर देनी होगी। विभाग के शिकंजा कसने के बाद ठेकेदार के हाथ-पांव फूलना शुरू हो गए हैं।

दो महीने लगाकर नाले में जो दस इंच मोटी पेयजल लाइन बिछाई थी, उसे अब ठेकेदार को उखाड़ना पड़ रहा है। अब दोबारा उसी पेयजल लाइन को नए सिरे से बिछाना होगा। ऐसे में लाइन बिछाने में ठेकेदार का जो खर्च हुआ था, वह खर्च दोबारा करना होगा। इसके बदले में विभाग कोई भुगतान नहीं करेगा।

शीतला पुल के पास रावी नदी से मंगला के लिए दस इंच मोटी पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। इससे 12 पंचायतों की हजारों आबादी को पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा। इन पंचायतों में पानी की हमेशा कमी रहती है। इसे दूर करने के लिए विभाग ने इस 60 करोड़ की पेयजल योजना को बनाने का कार्य शुरू करवाया है।

ठेकेदार शॉर्टकट रास्ते से असुरक्षित नाले में इस पेयजल लाइन को बिछा रहा था। इसके चलते विभाग ने नाले से पेयजल लाइन को हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

सहायक अभियंता गौरव ठाकुर के बोल

जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता गौरव ठाकुर ने बताया कि जिस नाले में ठेकेदार पेयजल लाइन बिछा रहा था, वहां इस लाइन को क्षति पहुंचने का खतरा अधिक था। नाले से पेयजल लाइन को हटाकर सुरक्षित स्थान से बिछाने के निर्देश ठेकेदार को दिए हैं।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

विदेश जाना हुआ महंगा, सरकार ने बढ़ाई पासपोर्ट की आवेदन फीस, री-इश्यू करवाना भी महंगा

हिमखबर डेस्क विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट बनवाने की फीस बढ़ा...

Teacher Eligibility Test: हिमाचल में शिक्षकों को 31 अगस्त से पहले पास करना होगा TET

हिमखबर डेस्क हिमाचल सरकार ने इन सर्विस टीचर्स के लिए शिक्षक...

टांडा मेडिकल कॉलेज का पानी पीने लायक नहीं

हिमखबर डेस्क डाक्टर राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा...