हिमखबर डेस्क
जिला बिलासपुर के रघुनाथपुर निवासी सुरजीत एक बार फिर अपनी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वे पहले भी कई बार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
सुरजीत ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे धरने पर बैठे थे, लेकिन आश्वासन देकर धरना समाप्त करवा दिया गया था। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, बल्कि उल्टा उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि लगातार शिकायतों और गुहार के बावजूद आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसी कारण उन्हें दोबारा धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। सुरजीत ने स्पष्ट किया है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

