धर्मशाला, 17 अगस्त – हिमखबर डेस्क
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 12 जेएके आरआईएफ के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए अपने पूर्व साथी राइफलमैन राजीव को आॅटोमेटिक व्हीलचेयर भेंट की।
राइफलमैन राजीव 8 अक्तूबर 2005 को आए विनाशकारी भूकंप के दौरान 12 जेएके आरआईएफ में तैनात थे। उस समय उनकी यूनिट 12 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर तैनात थी। भूकंप में जिस पोस्ट पर वे तैनात थे, वह पूरी तरह नष्ट हो गई थी और इस हादसे में 14 सैनिक शहीद हो गए थे। राजीव इस हादसे में अकेले जीवित बचे थे, लेकिन वे 100 प्रतिशत लकवाग्रस्त हो गए।
15 अगस्त को ब्रिगेडियर एस.सी. पाठक, पूर्व कमांडिंग आॅफिसर, 12 जेएके आरआईएफ के निवास पर आयोजित एक विशेष समारोह में 12 जेएके आरआईएफ के कई पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की उपस्थिति में राजीव को आॅटोमेटिक व्हीलचेयर भेंट की गई।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एस.सी. पाठक ने कहा कि राजीव ने देश की सेवा करते हुए अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें यह सम्मान देना, सहायता नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी, संवेदना और निरंतर साथ खड़े रहने का संदेश है।

