हिमखबर डेस्क
शीला क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क पर एकत्रित होकर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
युवक की मौत पर शीला में चक्का जाम ◆ लोगों ने जताया रोष; कार्रवाई की मांग
बताया जा रहा है कि युवक कुछ दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद उसका उपचार चल रहा था। रविवार को उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि जिस व्यक्ति ने युवक को टक्कर मारकर घायल किया था, उसके खिलाफ अभी तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसी बात को लेकर लोगों में रोष है।
चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों से बातचीत की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम धर्मशाला और एएसपी लोगों को यातायात बहाल करने की बात पर मनाने के लिए पहुंचे।
मृतक की पत्नी सहित दो छोटी बच्चियां व एक बेटा है, जिनका सहारा अब छिन गया है। स्वजन का आरोप है कि सड़क दुर्घटना टांडा अस्पताल की महिला चिकित्सक कार ड्राइवर से हुई है, उसके साथ दो चिकित्सक और थे, घायल को जोनल अस्पताल धर्मशाला ले गए थे।
स्वजन मांग कर रहे हैं कि उन्हें न्याय मिले, दुर्घटना करने वाली चिकित्सक बच्चियों की पढ़ाई खर्च की जिम्मेदारी ले। मृतक की बीबी ने कहा कि वह यहां बैठकर सिर्फ आंसू बहाएगी तो उसके पति को न्याय कौन दिलवाएगा, उसके बच्चों को न्याय कौन दिलवाएगा। उन्हें त्वरित कार्रवाई चाहिए।

