शाहपुर दशहरा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक कलाकारों के लिए ऑडिशन की तारीखों में बदलाव किया गया है, अब 13 और 14 अक्टूबर को ऑडिशन होंगे, कलाकारों को सुबह 10 से 11 बजे तक पंजीकरण करवाना अनिवार्य है, बिना पंजीकरण के ऑडिशन में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।
शाहपुर – नितिश पठानियां
जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के ऑडिशन की प्रक्रिया में आंशिक बदलाव किया गया है। एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि अब कलाकारों का पंजीकरण सुबह 10 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा, जबकि इसके बाद ऑडिशन की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कलाकार निर्धारित समय के भीतर सुबह 10 से 11 बजे तक अपना पंजीकरण नहीं करवाएंगे, उनका ऑडिशन नहीं लिया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि अब 13 और 14 अक्तूबर को ही कलाकारों के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इन ऑडिशन में किसी भी क्षेत्र से आने वाले कलाकार भाग ले सकते हैं। कलाकारों को निर्धारित समय में मौके पर पहुंचकर अपना पंजीकरण करवाना होगा, जिसके बाद वे ऑडिशन दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शाहपुर दशहरा उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए ऑडिशन में भाग लेना अनिवार्य होगा। बिना ऑडिशन के किसी भी कलाकार को सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर नहीं मिलेगा।
एसडीएम ने सभी इच्छुक कलाकारों से आह्वान किया कि वे अगले दो दिनों, यानी 13 और 14 अक्तूबर को सुबह 10 से 11 बजे के बीच अपना पंजीकरण करवाकर ऑडिशन देना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

