हिमाचल प्रदेश की पौंग झील इन दिनों विदेशी प्रवासी पक्षियों से गुलजार है, झील में अब तक 45 प्रजातियों के 35 हजार से अधिक पक्षियों ने डेरा जमा लिया है, सर्दियों के मौसम में विदेशी परिंदों का आगमन झील की जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को खास बना रहा है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट पौंग झील इन दिनों विदेशी मेहमानों से गुलजार होने लगी है। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर चीन, रूस, साइबेरिया, तिब्बत और अफ्रीका सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रवासी पक्षियों का यहां पहुंचना शुरू हो गया है। वन्यप्राणी विभाग की रूटीन गणना में अब तक 45 प्रजातियों के करीब 35 हजार पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई है।
आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ इनकी संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। पौंग झील का अनुकूल वातावरण, पर्याप्त भोजन और सुरक्षित प्राकृतिक आवास इन विदेशी परिंदों को सर्दियों के दौरान आकर्षित करता है। हर साल अक्तूबर से इनका आगमन शुरू हो जाता है। इस बार भी प्रवासी पक्षियों की आमद के साथ झील के आसपास का क्षेत्र पक्षियों की चहचहाहट और रंग-बिरंगी मौजूदगी से जीवंत होने लगा है।
बार हेडेड गूज की सबसे अधिक संख्या
पौंग झील पहुंचने वाले प्रवासी पक्षियों में बार हेडेड गूज की संख्या सबसे अधिक दर्ज की गई है। इसके अलावा नॉर्दर्न पिंटेल और कॉमन टील जैसी प्रजातियां भी झील में पहुंच चुकी हैं। अलग-अलग देशों और भौगोलिक क्षेत्रों से आने वाले ये पक्षी हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर यहां सर्दियां बिताते हैं।
वन्यप्राणी विभाग नगरोटा सूरियां के परिक्षेत्र अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि विभाग की नियमित गणना में अब तक 45 प्रजातियों के लगभग 35 हजार पक्षी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने पर प्रवासी पक्षियों की आमद में भारी बढ़ोतरी होगी।
अवैध शिकार रोकने के लिए ड्रोन से निगरानी
प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा को लेकर वन्यप्राणी विभाग ने भी निगरानी बढ़ा दी है। झील में अवैध शिकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। इसके अलावा विभाग की आठ टीमें झील और इसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं।
तटीय गांवों के लोगों को भी पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि प्रवास के दौरान विदेशी पक्षियों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। पौंग झील में हर साल आने वाले इन पक्षियों के संरक्षण के लिए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
मार्च में मौसम गर्म होते ही लौटेंगे अपने वतन
सर्दियों के कई महीने पौंग झील में बिताने के बाद ये प्रवासी पक्षी मार्च में तापमान बढ़ने के साथ अपने मूल निवास क्षेत्रों की ओर लौटने लगते हैं। इस दौरान झील में विदेशी पक्षियों की मौजूदगी पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहती है। रंग-बिरंगे परिंदों को करीब से देखने और उनकी तस्वीरें लेने के लिए दूर-दूर से पर्यटक पौंग झील पहुंच रहे हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। आने वाले दिनों में प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ने के साथ पौंग झील में पर्यटन का आकर्षण और बढ़ने की उम्मीद है।

