हिमाचल में बिजली लाइन में फंसे रूसी पैराग्लाइडर को जिला प्रशासन ने क्रेन की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया, घायल पैराग्लाइडर को उपचार के लिए जोनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
हिमखबर डेस्क
जिला मंडी के द्रंग क्षेत्र के टांडू में बिजली लाइन में फंसे एक रूसी पैराग्लाइडर को जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया। रेस्क्यू किए गए पैराग्लाइडर की पहचान इवाकिन इलेक्सी के रूप में हुई है, जिन्होंने बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी।
एसडीएम सदर (ना) चंद्र प्रकाश के बोल
एसडीएम सदर (ना) चंद्र प्रकाश ने बताया कि पैराग्लाइडर बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के कुछ समय बाद द्रंग के टांडू क्षेत्र में पहुंचकर बिजली की तारों में उलझ गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से काफी सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर रूसी पैराग्लाइडर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके उपरांत उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती करवाया गया है। एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और रेस्क्यू टीम के समन्वित प्रयासों से पैराग्लाइडर को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली।

