हिमाचल पुलिस भर्ती: 20 नवंबर से शुरू होगी ग्राउंड टेस्ट प्रक्रिया, अधिकारियों को देना होगा खास प्रमाण पत्र

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती के लिए 20 नवंबर से ग्राउंड टेस्ट शुरू होने जा रहे हैं, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को प्रमाण पत्र देना होगा कि उनका कोई रिश्तेदार भर्ती में शामिल नहीं है।

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल बनकर देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रहे कांगड़ा जिले के हजारों युवाओं के लिए निर्णायक घड़ी आ गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांगड़ा जिले के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक मानक परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन आगामी 20 नवंबर से धर्मशाला स्थित पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा।

उत्तरी रेंज धर्मशाला की पुलिस उपमहानिरीक्षक डीआईजी एवं जिला भर्ती समिति की अध्यक्ष सौम्या सांबशिवन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस पूरी भर्ती प्रक्रिया में कुल 23,145 अभ्यर्थियों (17,477 पुरुष और 5,668 महिला) को अपनी शारीरिक दक्षता साबित करने के लिए बुलाया गया है।

जारी शेड्यूल के अनुसार, मुख्य परीक्षा से एक दिन पूर्व 19 नवंबर को ब्रीफिंग डे रखा गया है, जिसमें भर्ती प्रक्रिया से जुड़े तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके पश्चात 20 नवंबर से 28 नवंबर तक पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी। 20 से 27 नवंबर तक प्रतिदिन 2000-2000 पुरुष अभ्यर्थियों को मैदान में बुलाया जाएगा, जबकि अंतिम दिन 28 नवंबर को शेष 1477 पुरुष अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे।

पुरुषों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 नवंबर से एक दिसंबर तक महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। इसमें 29 और 30 नवंबर को प्रतिदिन 1900-1900 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, वहीं पहली दिसंबर को 1868 महिला अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति या तकनीकी बाधा से निपटने के लिए दो दिसंबर को रिजर्व डे के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिला भर्ती समिति की सहायता हेतु कई राजपत्रित अधिकारियों को सह-योजित किया गया है। पुलिस विभाग ने भर्ती की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक बेहद सख्त शर्त भी लागू की है।

डीआईजी सौम्या सांबशिवन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में तैनात सभी सह-योजित सदस्यों और संबंधित कर्मचारियों को यह लिखित प्रमाण-पत्र देना अनिवार्य होगा कि उनका कोई भी बच्चा या रक्त संबंधी इस कांस्टेबल भर्ती में हिस्सा नहीं ले रहा है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

पौंग झील बनी विदेशी परिंदों का ठिकाना, 35 हजार से अधिक पक्षियों ने बढ़ाई झील की रौनक

हिमाचल प्रदेश की पौंग झील इन दिनों विदेशी प्रवासी...

हिमाचल में बनेगी नई एयरोसिटी, कांगड़ा एयरपोर्ट के पास इन 3 गांवों की बदलेगी तस्वीर

हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा एयरपोर्ट के आसपास एयरोसिटी विकसित...

इंदौरा में माफिया गतिविधियों पर पूर्व विधायक रीता धीमान ने उठाए सवाल, प्रशासन से मांगा जवाब

इंदौरा में कथित माफिया गतिविधियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी...