पालमपुर में मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रेक फेल होने से एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, ड्राइवर की सूझबूझ से बस में सवार 15 लोगों की जान बच गई, जबकि हादसे के बाद NH पर जाम लग गया।
पालमपुर – बर्फू
हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के तहत पालमपुर क्षेत्र में बारिश के बीच एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है बस के ब्रेक फेल हो गए थे। ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं पा सका और बस सड़क पर पलट गई।
बस में सवार लोगों को चोटें आई हैं। किसी की गंभीर हालत होने की जानकारी नहीं है। हादसे के वक्त बस में 15 लोग सवार थे। दीवान कोच की बस बैजनाथ से पालमपुर की तरफ आ रही थी। चालक की सूझबूझ के कारण बस गहरी खाई में जाने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बस बैजनाथ से सवारियां लेकर पालमपुर की ओर जा रही थी। पालमपुर के समीप पहुंचने पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ढलान वाले मार्ग पर ब्रेक फेल होने से चालक के सामने स्थिति को संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की तरफ काट दिया, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई।
बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर राहत की सांस ली। हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है, लेकिन सभी सवारियां सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि चालक ने समय रहते बस को पहाड़ी की ओर न मोड़ा होता तो बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा सकती थी और हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था। बीच सड़क बस पलट जाने के कारण मंडी-पठानकोट हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करवाया। ट्रैफिक इंचार्ज पालमपुर एसआई भगवान सिंह ने बताया कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई हैं।

