काँगड़ा – राजीव जस्वाल
शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अनाधिकृत पार्किंग को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम कांगड़ा डा. अंजली गर्ग ने प्रशासनिक टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ थाना प्रभारी आदर्श बरियाल और नगर परिषद कांगड़ा के कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया गया।
टीम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर सामान न रखने तथा सड़क, पैदल रास्ते और यातायात में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने अधिकतर दुकानदारों को आज चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन स्पष्ट किया कि कल से अतिक्रमण करने वालों के चालान काटे जाएंगे।
डॉ. अंजली गर्ग ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को भी सख्त निर्देश दिए कि अतिक्रमण करने वालों के साथ-साथ अनाधिकृत पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के निरंतर चालान काटे जाएं।
प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए शहर में नियमित रूप से ऐसी कार्रवाई जारी रखने की मांग की, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।

