हिमाचल प्रदेश में पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे करीब 50 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हिमखबर डेस्क
ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर खाई में जा गिरा। हादसे में करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र समेत पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीरनिगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के साथ यहां लंगर का आयोजन भी किया था। मंगलवार सुबह वे माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में दर्शन करने के बाद अपने घर लौटने की तैयारी में थे।
इसी दौरान पीरनिगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई वाले हिस्से में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनियंत्रित होने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकल गया और खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घायल होने के कारण अस्पताल में भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ के बोल
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

