स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में दी जानकारी, बोले, 21 अगस्त से तीन सितंबर तक चलेगा 14वीं विधानसभा का 12 वां सत्र, विधानसभा सचिवालय को 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न मिले
हिमखबर डेस्क
हिमाचल विधानसभा के मॉनसून सत्र में 1036 सवाल गूजेंगे। अधिकतर सवाल आपदा, शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़े है। 21 अगस्त से तीन सितंबर तक सत्र चलेगा और इस दौरान 10 बैठकें होगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की 14वीं विधानसभा का 12 वां सत्र 21 अगस्त सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेंद्र सिंह तथा राम चंद भाटिया के प्रति शोक दगार होंगे। तीन सितंबर तक चलने वाले मानसून सत्र में 27 अगस्त का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बजट सत्र में 16 बैठकें आयोजित कर चुके है, जबकि मानसून सत्र की इस बैठकों के साथ ही इन आंकड़ा 25 हो जाएगा।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मानसून सत्र के लिए सदस्यों की ओर से 1036 प्रश्रों की सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को आनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई है। इनमें 787 प्रश्न तारांकित तथा 249 प्रश्न अतारांकित है। इन सभी को नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सदस्यों की ओर से विधानसभा सचिवालय को प्रश्र सूचनाएं भेजने की समय अवधि 18 अगस्त तक की थी। स्पीकर ने कहा कि नियम 62 के तहत 13 , नियम 63 में 2 और नियम 101 के अन्तर्गत 05 नोटिस प्राप्त हुए है। जबकि नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं सदस्यों को मिली है। इन सभी को भी सरकार के समक्ष आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यों की ओर प्राप्त हुई अधिकतर सूचनाएं आपदा से निपटने हेतु केंद्र से सहायता राशि, बाढ़, स्कूलों का विलय, प्रदेश में हाल ही में भारी वर्षा तथा प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न हुई स्थिति, सरकार द्वारा आपदा से निपटने हेतु किए गए प्रयास, सडक़ों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सडक़ों की डीपीआर, महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों आदि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों तथा परिवहन व्यवस्था पर आधारित है।
सदन में मंत्रियों के दिए आश्वासनों को करेंगे एग्जामिन
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सदन में मंत्रियों की ओर से दिए जाने वाले आश्वासनों को एग्जामिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आश्वासनों की समीक्षा स्टैडिंग कमेटी करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के प्रमुखों को बुलाकर मंत्रियों की ओर से दिए गए आश्वासनों पर क्या कार्रवाई हुई है यह कमेटी देखती है। वहीं व्यक्तिगत तौर पर भी समीक्षा करते है।
बकौल कुलदीप सिंह पठानिया मैं भी यह सोच रहा हूं कि जो आश्वासन सदन में दिए गए है, उनको देखा भी जाए और एग्जामिन भी किया जाए। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो मंत्रियों के आश्वासनों की प्रभावी निगरानी और समीक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में एक अलग एश्योरेंस कमेटी का गठन भी किया जा सकता है।

