सोलन – रजनीश ठाकुर
करोल कॉलोनी बसाल में शराब पीने के दौरान युवकों के बीच हुई बहसबाजी खूनी झड़प में बदल गई। आरोप है कि 19 वर्षीय युवक ने कांच की शराब की बोतल से एक युवक के सिर पर वार करने के बाद शेफ चाकू से दो युवकों पर हमला कर दिया।
घटना में एक युवक के पेट में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से IGMC शिमला रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि , 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे करोल कॉलोनी, बसाल में तीन युवक कमरे में शराब पी रहे थे। इसी दौरान निखिल और मयंक के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे सारांश के सिर पर निखिल ने आधी कांच की शराब की बोतल से वार कर दिया। इसके बाद दोनों बाथरूम में चले गए, जहां निखिल ने शेफ चाकू से मयंक पर हमला कर दिया।
सारांश जब वैभव को बुलाने के लिए जाने लगा तो आरोप है कि निखिल ने उसके बाएं कंधे पर भी चाकू से दो वार किए। बाद में मयंक बाथरूम के बाहर पेट पकड़कर खड़ा मिला और उसने बताया कि निखिल ने उसके पेट में चाकू मारा है।
मयंक को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां से उसे IGMC शिमला रेफर किया गया। वहीं सारांश का भी उपचार करवाया गया। पुलिस थाना सदर सोलन में FIR नंबर 0178/26 के तहत धारा 109 व 115(2) BNS में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी निखिल संजटा को 16 अगस्त को चंबाघाट से गिरफ्तार किया। आरोपी को 17 अगस्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

