चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर ईंड नाला के पास कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में युवक को मामूली चोटें आईं, जबकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
चम्बा – भूषण गुरुंग
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर ईंड नाला के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार युवक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार कार नंबर एचपी 81-7161 ईंड नाला के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार युवक भी वाहन के साथ खाई में जा पहुंचा।
स्थानीय लोगों को जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। बताया जा रहा है कि युवक को हादसे में मामूली चोटें आई थीं।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त कार डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के किहार-चुराह इलाके की बताई जा रही है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

