बद्दी की एक पैकेजिंग कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, कंपनी में मौजूद 100 से ज्यादा कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, घटना के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
सोलन – रजनीश ठाकुर
औद्योगिक क्षेत्र थाना स्थित पैकेजिंग एवं प्रिंटिंग कंपनी विनटेक में सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पहली मंजिल से तीसरी मंजिल तक इसकी लपटें पहुंच गईं।
कंपनी में रखा बड़ी मात्रा में कच्चा माल और तैयार माल आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते कंपनी में मौजूद करीब 100 से अधिक कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। आग बुझाने के लिए कुल सात फायर टेंडर लगाए गए, जिनमें चार बद्दी, एक नालागढ़ तथा दो निजी कंपनियों के फायर टेंडर शामिल रहे। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही बद्दी के एसडीएम डॉ. संजीव धीमान, तहसीलदार सुरेंद्र जीत और थाना प्रभारी शिव राम कृष्ण भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन तथा दमकल विभाग के अधिकारियों से भी घटना की जानकारी ली। आग की घटना के बाद कंपनी की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे।
प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी में पर्याप्त फायर फाइटिंग सिस्टम उपलब्ध नहीं था। आग बुझाने के लिए मौके पर केवल तीन सिलेंडरों के सहारे प्रयास किए जा रहे थे। बताया गया कि मौके पर मिले इन सिलेंडरों में कई वर्ष पहले रिफिलिंग की गई थी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

