
चम्बा – भूषण गूरूंग
एक तरफ जहां सरकारी नौकरी लगने के बाद अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में शिक्षा दिलवाते हैं वहीं जिले में कुछ ऐसे अधिकारी भी हैं, जिन्हें सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में विश्वास है।
ऐसा ही एक पहल विद्युत बोर्ड धरवाला में सहायक अभियंता कार्यरत टीआर ठाकुुर ने की है। उन्होंने अपने बेटे अभियुक्त को प्राइमरी स्कूल मैहला में दाखिला करवाकर मिसाल पेश की है।
बेटा स्कूल में उत्साह के साथ पढ़ाई कर रहा है। स्कूल में अध्यापक भी नवाचारों से विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। साथ ही बच्चों के ज्ञानवर्द्धन के लिए तरह-तरह की गतिविधियां कर रहे हैं।
टीआर ठाकुर का कहना है कि सरकारी स्कूलों का स्तर अब अच्छा होता जा रहा है। निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूल विकसित हो रहे हैं।
मैहला स्कूल में अध्यापकों ने बेहतरीन व्यवस्था की है। इसको देखते हुए ही उन्होंने बेटे अभियुक्त को सरकारी स्कूल मैहला में नर्सरी की कक्षा में प्रवेश दिलवाया है।
उन्होंने बताया कि अध्यापकों द्वारा काफी अच्छे तरीकों से बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रही है। स्कूलों में वाल पेंटिंग समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
