
चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला के चुराह उपमंडल में एक युवक के साथ साइबर ठगी का मामला पेश आया है। युवक से साइबर ठगों ने सैैकेंड हैंड बाइक बेचने के नाम पर 21 हजार रुपए ऐंठ लिए लेकिन युवक को बाइक नहीं दी। इस बारे युवक ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत दी है।
चुराह की ग्राम पंचायत गडफरी के करमड़ी निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उसने फेसबुक में एचएफ की स्पलैंडर बाइक बिकाऊ देखी थी। बाइक दिखने में काफी अच्छी लगी तो उसे खरीदने मन बनाया। उसने फेसबुक पर दिए मोबाइल नंबर संपर्क किया तो युवक ने खुद को भारतीय सेना में सेवारत बताया।
वहीं शातिर ने बताया कि उसका स्थानांतरण कहीं दूसरी जगह हुआ है, जिस कारण वह अपनी बाइक 23000 में बेचना चाहता है। शातिर ने पहले 2 हजार रुपए मांगे तो युवक ने तुरंत उसे दे दिए। फिर शातिर ने बाइक की 50 फीसदी कीमत की मांग की। युवक ने वह राशि भी दे दी।
जब शातिर की बढ़ती मांग के कारण युवक को शक हुआ तो उसने पैसे वापस करने को कहा लेकिन शातिर मुकर गया। जब युवक ने अपने साथियों से बताया तो पता चला कि इस प्रकार की ठगी कई लोगों से हो चुकी है।
एसपी अभिषेक यादव के बोल
एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को कई प्रकार के लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन नौकरी, फ्री रिचार्ज, सस्ती आकर्षक चीजें, लुभावने ऑफर से बचें। बिना जांच पड़ताल के किसी को कोई पैसा न दे अन्यथा आपके साथ ठगी हो सकती है।
