
शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश के तीन मंत्रियों को अपने विधानसभा क्षेत्र छोड़ कर दूसरे क्षेत्रों से चुनाव लडऩा पड़ सकता है। कुछ मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं के टिकट पर भी संकट है। कारण यह है कि सर्वेक्षण रपटों में उनकी स्थिति संतोषजनक नहीं है।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री की पतली हालत के दृष्टिगत उन्हें साथ लगते विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ाने पर विचार हुआ है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के दो मंत्रियों को भी दूसरे विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩा पड़ सकता है।
एक-एक सीट पर विजय सुनिश्चित करने के लिए जुटी भारतीय जनता पार्टी सूक्ष्म आकलन कर रही है। इसी कड़ी में वीरवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कोर कमेटी के सदस्यों को दिल्ली बुलाया था। दोपहर 12 बजे आरंभ हुई बैठक में 68 सीटों पर हुए सर्वेक्षण की रपट पर चर्चा हुई। ऐसा निश्चित माना जा रहा है कि प्रत्येक सीट पर प्रत्याशी का चयन सर्वेक्षण रपट में आई स्थिति के अनुसार ही होगा। तय किया गया कि हर सीट पर ऐसे चेहरे को प्रत्याशी बनाया जाएगा, जो जीतने की क्षमता रखता हो।
बैठक में चुनाव प्रबंधन और चुनाव समन्वय को लेकर मंथन हुआ। बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के उद्घाटन के विषय में भी चर्चा हुई। सुजानपुर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की युवा मोर्चा रैली में पर भी मंथन हुआ।
इन जिलों के नेता भाजपा में किए जाएंगे शामिल
सिरमौर के दो विधायकों व हमीरपुर, सोलन और मंडी के एक-एक कांग्रेस नेता को भाजपा में शामिल किया जाएगा। इसके बाद इन नेताओं के हलकों में क्या स्थिति होगी, कार्यकर्ताओं का मनोबल तो नहीं टूटेगा आदि पर भी चर्चा की गई।
हमीरपुर से एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता को पार्टी में लाने का जिम्मा हाईकमान कुछ वरिष्ठ नेताओं को सौंप सकता है। हाल में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए दो विधायकों लखविंद्र राणा व पवन काजल के विधानसभा क्षेत्रों में मंडल मिलन कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
प्रचार व इंटरनेट मीडिया को करेंगे मजबूत
भाजपा चुनाव के दौरान प्रचार व इंटरनेट मीडिया को मजबूत करेगी। इनके माध्यम से लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों के बारे में बताया जाएगा ताकि पार्टी को लाभ मिल सके। इसके लिए पूरा प्लान तैयार किया जाएगा। इसके मुताबिक प्रचार किया जाएगा।
15 सितंबर से चार राज्यों के सांसद, विधायक पहुंचेंगे
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली से सांसद, विधायक व पार्टी पदाधिकारी चुनाव प्रचार के लिए 15 सितंबर से हिमाचल पहुंचेंगे। विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए संगठन स्तर पर दूसरे राज्यों के नेताओं की तैनाती होगी। दूसरे राज्यों से प्रत्येक विधानसभा में तीन नेता चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे।
ये रहे बैठक में मौजूद
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा कोर कमेटी की बैठक में भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संगठन मंत्री पवन राणा, पार्टी महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, चुनाव प्रबंधन प्रमुख डा. राजीव बिंदल मौजूद थे। भाजपा मुख्यालय में लौटकर सभी नेताओं की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ हिमाचल सदन में अनौपचारिक बैठक हुई।
अनिल शर्मा का पृष्ठ लगभग बंद
मंडी सदर सीट से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के पार्टी में राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा हुई। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी ने अनिल शर्मा को टिकट नहीं देने का मन बना लिया है। इस संबंध में पार्टी अनिल शर्मा की पहल करने का इंतजार करेगी।
