
ब्यूरो – रिपोर्ट
हिमाचल के जिला कांगड़ा के पुलिस थाना हरिपुर के तहत धार गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई है। महिला ने मेडिकल कॉलेज टांडा में अंतिम सांस ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।
बता दें कि विवाहिता रजिता कुमारी उर्फ रोजी (25) पत्नी मुनीष कुमार निवासी धार तहसील हरिपुर की शादी चार साल पहले हुई थी। उसकी एक बेटी है। धार में उसके ससुरालियों का एक मंजिर मकान है। पिछले कल रात रजिता उपरी वाली मंजिल में खाना बना रही थी। उसका पति और बाकी घर वाले नीचे थे।
लोगों ने उपरी मंजिल पर धुआं उठता देखा। लोगों ने इसकी सूचना घर वालों को दी। जब उपर जाकर देखा तो रजिता जली हुई अवस्था में घायल पड़ी थी। उसे तुरंग गाड़ी में मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रजिता 95 फीसदी जल गई थी। मामले की सूचना पुलिस थाना हरिपुर को मिली। एसएचओ नाजर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने टांडा पहुंचकर शव कब्जे में लेकर औपचारिकताएं पूरी कीं। अब रजिता कुमारी ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद आग लगाई या फिर कारण कोई और है यह पुलिस जांच में पता चल सकेगा।
पुलिस ने रजिता के मायके वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं, मौके पर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम भी रजिता के ससुराल के घर आकर मौके की जांच करेगी।
उधर, विवाहिता के ससुराल धार में काफी लोग इकट्ठे हो गए हैं। डीएसपी मौके पर पहुंचकर गए हैं। साथ ही हरिपुर थाना की पुलिस भी मौके पर है।
पुलिस थाना हरिपुर के प्रभारी नाजर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस टीम महिला के ससुरालियों के घर जांच कर रही है।
