
लगातार हो रही बारिश से तीन दिन में झील का दस फुट तक बढ़ा जल स्तर
नगरोटा सूरियां – शिव गुलेरिया
पौंग झील का जल स्तर अब खतरे के निशान से मात्र 12 फुट दूर रह गया है। ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश होने से झील का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है।
पौंग का जल स्तर 1378 फुट तक पहुंच चुका है। इसी तरह बारिश होती रही और झील का जलस्तर बढ़ता गया, तो वह दो दिन के भीतर अपने निर्धारित बिंदु पर पहुंच सकता है।
पिछले तीन दिन में करीब दस फुट से अधिक झील का जलस्तर बढ़ चुका है। पिछले वर्ष के मुकाबले अब तक अधिक पानी आ चुका है, जिस तरह से झील का जलस्तर रोजाना बढ़ रहा है।
लगता है कि इस बार अपने निर्धारित 1390 फुट तक पहुंच सकता है। अब तक पौंग झील का जलस्तर 1378 फुट को छू चुका है।
झील का पानी खतरे के निशान से अभी तक 12 फुट दूर है। पौंग में खतरे का निशान 1390 फुट है, जबकि 1410 अंतिम निशान बताया जाता है।
डैम में करीब 83447 हजार क्यूसिक पानी आ रहा है, जबकि 17737 क्यूसिक पानी छोड़ा भी गया है।
उपायुक्त कांगड़ा डाक्टर निपुण जिंदल ने लोगों को हिदायत दी है कि बारिश के दौरान नदी-नालों की तरफ रुख न करें और घर ही रहें।
साथ ही सभी पुलिस चौकी थाना प्रभारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को भी निर्देश जारी किए है कि भारी बारिश को देखते हुए किसी को भी नदी-नालों व पौंग डैम के नजदीक न जाने दिया जाए।
