
नेशनल हाई-वे अथॉरिटी ऑफ इंडिया तीन दिन तक चलाएगी स्पेशल ड्राइव, 750 मकानों पर गिरेगी गाज, क्षेत्र में 300 लोगों का बांटा गया है मुआवजा।
ब्यूरो – रिपोर्ट
पठानकोट-मंडी फोरलेन के निर्माण को लेकर नेशनल हाई-वे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने कमर कस ली है। नूरपुर उपमंडल के तहत पड़ते भाग-1 में फोरलेन की हद में आ रहे भवनों को गिराने के लिए एनएचएआई की पालमपुर इकाई ने नूरपुर प्रशासन को चिठ्ठी लिखकर सूचित कर दिया है।
जिन भवनों को गिराने के लिए नोटिस दिए गए थे उसकी समय अवधि 60 दिन से ज्यादा हो चुकी है। अथॉरिटी अब भवनों को हटाने के लिए तीन दिन 20, 21 व 22 अगस्त को स्पेशल ड्राइव चलाएगी।
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग नंबर 154 पर फोरलेन बनाने वाली कंपनी को भवन गिराने में समस्या पेश आ रही है क्योंकि कई जगहों पर भवन गिराने नहीं दिए जा रहे। हालांकि कुछ जगह लोगों ने स्वयं ही अपने भवन गिरा लिए हैं।
फोरलेन के निर्माण के लिए नूरपुर उपमंडल में करीब 750 भवन गिराए जाने हैं, जिसमें से प्रशासन ने 300 लोानों की मुआवजा राशि वितरित कर दी है।
फोरलेन सडक़ निर्माण कर रही कंपनी के सीजीएम हरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हीं लोगों को भवन खाली करने को कहा जा रहा है जिन्हें मुआवजा मिल चुका है। हरप्रीत सिंह ने कहा कि भवन खाली करने के लिए दिए गए नोटिस का समय 60 दिन से ज्यादा हो चुका है।
मानसून के बाद आएगी निर्माण कार्यों में तेजी
पहले चरण में कंडवाल के चक्की से लेकर भेडख़ड्ड तक 28 किलोमीटर के फोरलेन पर लगभग 828 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसे दो वर्ष में पूरा करना है।
फोरलेन बना रही आईआरबी कंपनी ने निर्माण कार्य की गतिविधियां तेज की हुई हैं, जिसके तहत चक्की खड्ड पर टू लेन का नया पुल बनाया जा रहा है। जसूर में फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य चला है।
कंडवाल से लेकर भेडख़ड्ड के बीच विभिन्न स्थानों पर क्लवर्ट बनाए जा रहे हैं। कंडवाल से लेकर जसूर तक सडक़ किनारे लगे पेड़ों की कटाई की जा रही है। मानसून के बाद फोरलेन सडक़ निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।
नूरपुर प्रशासन-पुलिस से मांगी सहायता
एनएचएआई की पालमपुर इकाई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिल सेन ने बताया कि नूरपुर उपमंडल के तहत पड़ते क्षेत्र में फोरलेन के निर्माण को लेकर जिन भवनों को गिराने के लिए नोटिस दिए जाने का समय 60 दिन से ज्यादा हो चुका है।
उन्हें गिराने के लिए तीन दिन की स्पेशल मुहिम चलाई जाएगी और इस बारे नूरपुर प्रशासन को पत्र भेज कर सूचित कर दिया है।
मुहिम को सफल बनाने के लिए प्रशासन व पुलिस से सहायता की मांग की है। उन्होंने कहा कि फोरलेन का निर्माण निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाएगा।
