
ब्यूरो – रिपोर्ट
उपमंडल अम्ब के डूहकी गांव में चोर दिनदहाड़े एक घर से लाखों रुपयों के आभूषण और 30 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए।
पीड़ित व्यक्ति की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास क्षेत्र व आने-जाने वाले मार्ग की सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के लिए उसे कब्जे में लिया।
हालांकि पुलिस के हाथ अभी कोई सुराग नहीं लगा है, लेकिन इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने अम्ब थाना प्रभारी से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की है।
अम्ब क्षेत्र के तहत पड़ते डूहकी गांव में शुक्रवार दोपहर को कमल देव पुत्र तुलसीराम जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने गया हुआ था और उसकी पत्नी घर से महज 50 मीटर दूर पशुशाला में पशुओं को पानी पिला रही थी।
इसी दौरान चोरों ने खुले घर का फायदा उठाते हुए अंदर घुसकर सिर्फ 25 मिनट में घर की गोदरेज की अलमारी को तोड़कर वहां से आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पशुओं को पानी पिलाने के बाद जब कमल की पत्नी घर पर पहुंची तो सामान इधर-उधर बिखरा हुआ देखकर दंग गई।
घर के अंदर पड़ी सभी अलमारियां टूटी हुई थीं। जांच करने पर उसने पाया कि उसके आभूषण और तीस हजार रुपये गायब हैं।
इसके बाद उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा करके चोरों को ढूंढने की कोशिश की लेकिन कुछ भी हाथ न लगा। इसके बाद कमल देव ने पुलिस थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई।
थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
