
ब्यूरो – रिपोर्ट
राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधानसभा सचिवालय में साेमवार सुबह दस बजे प्रक्रिया शुरू हो गई। डाक्टर यशवंत सिंह परमार पुस्तकालय में सभी विधायक व सांसद मतदान कर कर रहे हैं। सवा दस बजे के करीब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने के लिए विधानसभा पुस्तकालय पहुंचे।
मुख्य द्वार पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, वन मंत्री राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी नेता मतदान करने के लिए चले गए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन चौहान बतौर पर्यवेक्षक मुख्य द्वार के बाहर खड़े रहे। उनके साथ सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से पर्यवेक्षक अरुण कुमार, राकेश जम्वाल पहुंचे। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान की विशेषता यह है कि प्रत्येक विधायक या सांसद को मतदान करते हुए मत के तौर पर बैंगनी रंग के पेन से एक लिखना है। इसके अलावा किसी भी प्रकार का चिह्न लगाए जाने की स्थिति में मत निरस्त माना जाएगा। भारत चुनाव आयोग की टीम ने सुबह आठ बजे ही स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम तैयार कर लिया था।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज विधानसभा पुस्तकालय पहुंचे। इससे पहले विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डाक्टर राजीव बिंदल भी पहुंचे।
यह है हिमाचल का गणित
राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधायक के मत का मूल्य 51 है और सांसद के मत का मूल्य 708 है। भाजपा के 45 विधायकों का मत मूल्य 2295 है, जबकि छह सांसदों का 4246 बनता है। कांग्रेस के 22 विधायकों का मत मूल्य 1122 व एक सांसद का 708 मूल्य बनता है। माकपा के एक विधायक का मत मूल्य 51 है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए कांग्रेस एकजुट : प्रतिभा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कांग्रेस कमेटी राष्ट्रपति चुनाव के लिए एकजुट है। उन्होंने कहा कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करेंगे।
