
हिमखबर – डेस्क
हिमाचल में कोरोना वायरस ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है. शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 438 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि 2 मरीजों की मौत हो गई है.
चंबा में 24 वर्षीय युवक और 55 वर्षीय पुरूष की मौत हुई है. प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 2043 पहंच गई है.
कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 481 एक्टिव केस हैं और चंबा में ये संख्या 408 पहुंच गई है. हिमाचल में कोरोना से अब तक 4128 लोगों की मौत हो चुकी है.
इस बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि फिलहाल बंदिशें लगाने पर सरकार विचार नहीं कर रही है. लेकिन जहां पर ज्यादा संख्या में मरीज आ रहे हैं, वहां पर ध्यान केंद्रित किया गया है ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके.
उन्होंने कहा कि वीरवार को हुई कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की स्थिती पर एक प्रेजेन्टेशन भी दी गई है. इसके अलावा सभी जिलों के डीसी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए भी कहा गया है.
अस्पतालों में कोमॉर्बिटिज वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है
सीएम ने कहा कि इस समय जो मरीज सामने आ रहे है, उनमें से अधिकतर होम आइसोलेशन में हैं. अस्पताल में कम मरीज भर्ती हो रहे हैं. अस्पतालों में कोमॉर्बिटिज वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है. हालांकि, शुक्रवार को प्रदेश में 203 मरीज ठीक भी हुए हैं.
जिलों में एक्टिव केसों की संख्या की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बिलासपुर में 79 एक्टिव केस हैं. हमीरपुर में 116, किन्नौर में 42, कुल्लू में 132, लाहौल-स्पीति में 18, मंडी में 204, शिमला में 265, सिरमौर में 142, सोलन में 106 और ऊना जिले में 50 एक्टिव केस हैं. बता दें कि हिमाचल ही नहीं पूरे देश में धीरे-धीरे कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है.
