
हर गांव-बस्ती को सड़क सुविधा से जोड़ना प्राथमिकता : राकेश पठानिया, कहा……गांवों के विकास में सड़कों की अहम भूमिका।
नूरपुर – देवांश राजपूत
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने आज शनिवार को कोपड़ा पंचायत की हरिजन बस्ती मेहटी तथा ठेहड़ में संपर्क मार्ग का शुभारंभ किया।
इसके पश्चात उन्होंने औन्द पंचायत में चलौण-कोपड़ा वाया भरमाल रास्ते के अतिरिक्त मुख्य सड़क से एसटी बस्ती मनुआ में एम्बुलेंस रोड़ का भी लोकार्पण किया ।
पुलिस ज़िला बनाने पर औन्द में उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री राकेश पठानिया ने कहा कि गांवों के विकास में सड़कों की अहम भूमिका है तथा हर गांव-बस्ती को सड़क सुविधा से जोड़ना उनका मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सड़कों के निर्माण तथा सुधारीकरण के लिए करोड़ों रुपए व्यय कर रही है, ताकि जनता को बेहतर यातायात की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में नए पुलों, सड़कों तथा इनके रखरखाब पर करोड़ों रुपए व्यय किये जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त इस वर्ष सड़कों -पुलों पर करोड़ों रुपए के विकास कार्य जारी हैं।
वन मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को विशेष तरजीह दी गई है तथा केंद्र सरकार के प्रयासों से पंचायतों को विकास कार्यों के लिए सीधा पैसा मिलने से गांवों में विकास को विशेष गति मिली है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में नई पंचायतों तथा पटवार वृत बनाए गए हैं, उसमें औन्द को भी नए पटवार सर्कल की सौगात दी गई है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में नई सड़कों सहित पेयजल की नई पाइपें बिछाई गई हैं।
वन मंत्री ने अग्निपथ योजना पर बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस योजना पर पूरा अध्धयन करने तथा युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसे लागू किया गया है, ताकि युवाओं को सैन्य सेवाओं में अधिक से अधिक अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने युवाओं से इस योजना के बारे में पूरी जानकारी का अध्धयन करने की अपील करते हुए इसके बारे में फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी व झूठी अफवाहों से बचने को कहा।
इस मौके पर शिवा जी युवक मंडल औन्द द्वारा वन मंत्री को तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त भाजपा मंडल तथा अन्य लोगों द्वारा भी वन मंत्री को नूरपुर को पुलिस ज़िला बनाने पर सम्मानित किया गया।
महिलाओं को दी निःशुल्क गैस कनेक्शन की सौगात।
वन मंत्री ने कोपड़ा तथा औन्द पंचायतों की 67 जरूरतमंद महिलाओं को मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला धुआंमुक्त राज्य बना है। इसके अतिरिक्त हर साल तीन मुफ्त सिलिंडर देने का प्रावधान किया गया है।
राकेश पठानिया ने इस मौके पर लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा अधिकतर का समाधान कर दिया। उन्होंने शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को जरुरी दिशानिर्देश दिए।
ये रहे मौजूद:
डीएफओ सुमन ओहरी, रेंज ऑफिसर शशि पाल,बीडीओ श्याम सिंह, विकास खंड के एसडीओ अमन रिहालिया,भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप पाठक, महामंत्री जोगिंद्र सिंह, सुदर्शन लाला बीडीसी सदस्य काहन सिंह, कोपड़ा पंचायत की प्रधान मीनू रानी, औन्द की प्रधान रेणु देवी, सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।
