
ऊना – अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के कांगड़ बढेड़ा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में गोंदपुर बनेहड़ा के युवक की संदिग्ध हालात में मौत की सच्चाई धीरे-धीरे सामने आने लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण सिर में चोट लगना पाया गया है।
पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र संचालक और उसके दो सहायकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अब आईपीसी की धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार अमित कुमार (28) पुत्र रामकृष्ण निवासी वार्ड-पांच गोंदपुर बनेहड़ा को परिजनों ने 21 अप्रैल, 2022 को कांगड़ बढेड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था।
पिता रामकृष्ण का आरोप है कि वह तीन-चार बार उससे मिलने केंद्र में गए थे, लेकिन उन्हें बेटे से व्यक्तिगत तौर पर मिलने नहीं दिया गया। मात्र सीसीटीवी पर ही दिखाया गया। पांच मई को देर रात लगभग डेढ़ बजे फोन पर सूचना दी गई कि उनके बेटे को दिल का दौरा पड़ा है।
इसके बाद केंद्र संचालक देर रात तीन बजे अमित का शव लेकर उनके घर पर पहुंचे। परिजनों ने देखा तो अमित के शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि बेटे की पीट-पीट कर हत्या की गई है। गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर गोंदपुर बनेहड़ा बाजार में प्रदर्शन किया था।
वहीं, 12 मई देरशाम को टांडा मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
