
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसी माह के अंत तक फिर से परीक्षा करवाई जाएगी।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि 27 मार्च को पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा हुई थी। पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई है। पेपर लीक करने वाले आरोपी हरियाणा और दिल्ली से हैं। चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
1 मुनीष कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी देव भराड़ी, डाकघर सुल्याली, तहसील नूरपुर, ज़िला कांगड़ा।
2 मनी चौधरी पुत्र बीरवल सिंह निवासी गांव व डाकघर खटियाड़, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा।
3 गौरव पुत्र विजय कुमार गांव व डाकघर भडियाड़ा, तहसील व जिला कांगड़ा।
4 अशोक कुमार पुत्र हरि सिंह गांव व डाकघर पास्सू, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा।
पेपर लीक की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। डीआईजी मधुसूदन एसआईटी के प्रमुख होंगे। टीम जांच कर तथ्य जुटाएगी और उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि पुलिस की भर्ती पारदर्शिता के साथ पूरी हो सके और किसी को अंगुली उठाने की गुंजाइश न रहे।
तीनों युवाओं के 90 में से 70 अंक थे। लेकिन दसवीं की कक्षा में उनके अंक 50 फीसदी भी नहीं थे। एसपी ने तीनों युवाओं से अलग-अलग कड़ी पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में तीनों युवा फंस गए और उन्होंने माना कि लिखित परीक्षा से पहले ही 6 से 8 लाख रुपये देकर उन्हें टाइप्ड प्रश्नों के उत्तर मिल गए थे। उन्हें उत्तर रटने को कहा गया था।
