
ऊना – अमित शर्मा
हिमचाल प्रदेश के ऊना में 17 साल की नाबालिग युवती को उसी के होने वाले जीजा द्वारा भगाकर ले जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. उपमंडल थाना परिसर हरोली में रविवार को काफी गहमागहमी भरा माहौल रहा.
इस मामले को लेकर युवती के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप जड़े हैं. युवती के पिता का कहना है कि उनकी बेटी के वापस न आने की सूरत में वह आत्महत्या करने से भी पीछे नहीं हटेंगे.
ग्रामीणों के साथ थाना परिसर हरोली में पहुंचे पिता ने आरोप लगाया है कि पुलिस के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे. यहां तक कि उन्हें पूरा-पूरा दिन थाने में बिताना पड़ता है. उनकी बेटी को भगाने के आरोपी और उसके परिजनों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है.
दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती को भगाने के मामले में चार लोगों ने अदालत से अग्रिम जमानत ले रखी है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए उनकी बेटी को वापस न लौटाया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे.
परिजनों का कहना है कि वह पूरा-पूरा दिन इंसाफ की मांग लेकर थाना परिसर में डटे रहते हैं, लेकिन दूसरी तरफ पुलिस के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं करते. ना ही उनकी बेटी को भगाने के आरोपी लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं.
युवती के पिता ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही नहीं की और उनकी बेटी को वापस न लाया गया तो वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ आत्महत्या कर लेंगे.
गौरतलब है कि उपमंडल के एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग युवती को उसी के होने वाला जीजा बहला फुसलाकर भगा ले गया था. परिजनों ने जीजा और उसके परिवार वालों के खिलाफ इस संबंध में एफआइआर भी दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने अपने ही होने वाले दामाद के साथ साथ उसके माता-पिता छोटे भाई और चाचा को भी आरोपी बनाया था.
एडिशनल एसपी परवीन धीमान का कहना है कि यह मामला पुलिस के ध्यान में है, युवती को भगाने के मामले में चार आरोपियों ने अदालत से अग्रिम जमानत ले रखी है. हालांकि पुलिस इस मामले में कानून सम्मत कार्रवाई अमल में ला रही है.
एएसपी ऊना ने बताया कि पुलिस द्वारा अग्रिम जमानत लेने वालो को भी थाना बुलाकर पूछताछ की जा रही है जबकि नाबालिगा की तलाश भी की जा रही है.
