
मंडी – नरेश कुमार
एसडीएम सदर रितिका जिंदल भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) का साक्षात्कार देने वाले अभ्यर्थियों को टिप्स देंगी। वह साक्षात्कार के लिए आनलाइन ही अभ्यर्थियों के प्रश्नों व साक्षात्कार के लिए कैसे तैयारी करें, के बारे में बताएंगी। इस संबंध में उन्होंने ई-मेल आइडी और दूरभाष नंबर जारी किया है।
बेहतर कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली एसडीएम रितिका जिदल ने यह पहल की है। उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएसई) का मेन क्लीयर किया है और इस माह उनके साक्षात्कार होने हैं, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
इसके लिए संबंधित अभ्यर्थी उनके सदर मंडी के कार्यालय दूरभाष नंबर 01905-225207 और एसडीएमएमएएनएसडीआरएटदरेटजीमेलडाटकाम पर अपनी जानकारी दे सकते हैं।
कार्यालय के समय के बाद वह स्वयं ऐसे अभ्यार्थियों से संपर्क करेंगी जो आइएएस के साक्षात्कार के लिए टिप्स या जरूरी जानकारी चाहते हैं। उनको इस साक्षात्कार के लिए क्या जरूरी करना है और किस तरह से तैयारी करनी है, इसके बारे में भी बताएंगी।
अगर अभ्यर्थी अधिक हुए तो वर्चुअल क्लास लगाएंगी। इससे पहले भी रितिका जिदल ने मंडी के बच्चों के आनलाइन सर्वे करवाने की पहल की है। एसडीएम रितिका जिदल ने 2019 में यूपीएसई क्लीयर किया था। तब वह 22 साल की थीं। पंजाब के मोगा की रहने वाली रितिका जिंदल ओपन डोर पालिसी के लिए प्रसिद्ध हैं।
