
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल में आम आदमी पार्टी के नेताओं का स्वागत है। वे हिमाचल के लोगों का विश्वास जीतें, इस पर आपत्ति नहीं है, लेकिन यहां आकर हमारे नेताओं का तिरस्कार न करें। किसी भी तरह की बयानबाजी करने से पहले हिमाचल का इतिहास पढ़ लें।
यह बात विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आप के रोड शो पर प्रतिक्रिया देते हुए शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार का अहम योगदान रहा है। हिमाचल आकर यह कहना कि पूर्व के नेताओं ने कोई कार्य नहीं किया है, इसकी निंदा करते हैं।
विक्रमादित्य ने तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में हारे नेता शामिल हो रहे हैं। पार्टी के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जिसका अपना कोई वजूद है।
आम आदमी पार्टी कहती है कि वह नए व आम लोगों को मौका दे रही है, लेकिन हिमाचल में ऐसा कहां हुआ है। हिमाचल में केवल वीरभद्र सिंह माडल ही चलेगा। कांग्रेस ने प्रदेश का समान विकास करवाया है और आगे भी इसी तरह काम करेंगे। कांग्रेस के पास मजबूत नेतृत्व है।
चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने हाटी को जनजातीय दर्जा देने की बात कही थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। भाजपा जुमलों की पार्टी है। उपचुनाव की तरह कांग्रेस विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराएगी।
उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज कांग्रेस पर बयानबाजी करने से पहले सोच लें। चार माह पहले जिस विधानसभा क्षेत्र में वह प्रभारी थे, वहां भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हुई है। हार-जीत जनता के हाथ में है।
