
मंडी – नरेश कुमार
मंडी पुलिस ने उपमंडल करसोग के सनारली में एक लकड़ी डिपो पर छापा मारकर अवैध तरीके से रखी गए देवदार की लकड़ी के 182 नग बरामद किए। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। लकड़ी को जब्त करके वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।
बता दें कि लकड़ी को काटकर उसकी फ्रेम बना दी गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि सनारली में केसरी ट्रेडर्ज नामक फर्म में देवदार की अवैध लकड़ी है।
पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ डिपो में दबिश दी। इस दौरान स्टाक की जांच करने पर देवदार के 182 नग का कोई रिकार्ड नहीं मिला। न ही फर्म लकड़ी के बारे में कोई सही जानकारी नहीं दे पाई।
पुलिस ने लकड़ी को कब्जे में लेकर वन विभाग के हवाले कर दिया। वन विभाग की पैमाइश पर लकड़ी का वाल्यूम 2.464 घन मीटर पाया गया। इसकी बाजार में कीमत करीब 2.50 लाख बताई जा रही है।
लंबे समय से थी तस्करी की सूचना
जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस को लंबे समय से इलाके में देवदार की लकड़ी की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। फर्म के खिलाफ मामला दर्ज कर इसके मालिक को थाने तलब किया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
उधर, डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर सनारली में केसरी ट्रेडर्स नाम से चल रहे इस डिपो में बिना बिल देवदार के 182 नग पकड़े गए। लकड़ी को कब्जे में लेने के बाद वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
