
ऊना, 24 मार्च -अमित शर्मा
एक दिन-एक गांव अभियान के तहत छठे राज्य वित्तायोग सतपाल सिंह सत्ती ने लोअर लाल सिंगी में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर एक जनसमूह को संबोधित करते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने बताया कि ऊना विधानसभा क्षेत्र में 5500 परिवारों को निशुल्क रसोई गैस के कनैक्शन प्रदान किए गए हैं, जिस पर 2.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई।
उन्होंने बताया कि लाल सिंगी के पनियाला में 42 लाख रुपये से पेयजल योजना जनता को समर्पित की गई है। मेन रोड से प्राइमरी स्कूल तक सड़क के निर्माण पर 16 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ओल्ड होशियारपुर रोड का 36 लाख रुपये से सुधारीकरण किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा संपर्क सड़क से बाबा बेली राम जी आश्रम तक सड़क को पक्का करने की मांग और घरों के नजदीक से जा रही बिजली की तारों को दूसरी जगह स्थापित करने की मांग पर सतपाल सिंह सत्ती ने इन मामलों में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे परिवारों को तीन गैस सलैंडर निशुल्क प्रदान करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा बिना आय सीमा सामाजिक सुरक्षा पैन्शन की आयु को घटाकर 60 वर्ष करना भी मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की दूरदर्शिता और संवेदनशीलता का प्रमाणिक करता है। उन्होंने इस आयु वर्ग के पात्र लोगों को शीघ्र पैन्शन स्वीकृति के लिए आवेदन करने का आहवान किया।
लालसिंगी स्कूल का किया निरीक्षण
सतपाल सिंह सत्ती ने आज राजकीय प्राथमिक पाठशाला, लालसिंगी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। इस दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा सतपाल सिंह सत्ती को विद्यालय को पेश आ रही समस्याएं बारे अवगत करवाया गया। स्कूल के साथ लगते नाले में पानी के अवरुद्ध होने की समस्या पर सतपाल सिंह सत्ती ने उपनिदेशक प्राथमिक शिक्षा को समस्या हल करने बारे शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल के साथ लगती सड़क पर स्पीडब्रेकर, साइनबोर्ड लगाए जाएं तथा नाले को स्लैब से ढकने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा उन्होंने स्कूल भवन की प्रथम मंजिल पर शौचालय के निर्माण के लिए ऐस्टीमेट बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों की स्ट्रेंथ को देखते हुए बच्चों की सुविधा के लिए प्राइमरी स्कूल लाल सिंगी को मिडल स्कूल में स्तरोन्नत करने के प्रयास किए जाएंगे।
सत्ती ने बताया कि विद्यार्थियों को स्कूलों में अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। विकास खंड ऊना के तहत बहडाला, जलग्रां, बसदेहड़ा, संतोषगढ़ और अप्पर देहलां में पांच बड़े खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
इसके अलावा खिलाड़ियों की सुविधा के लिए विभिन्न खेलों के मैट और खेल सामग्री भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऊना विस के 13 स्कूलों में भवनों की मरम्मत, चारदीवारी के निर्माण सहित अन्य सुधारीकरण कार्यों के लिए शिक्षा निदेशालय द्वारा 43.18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अशोक धीमान, उपप्रधान हरबंस लाल, भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य रामपाल सैणी, वार्ड पंच सुखदेव सैणी, शिक्षा उपनिदेशक देवेन्द्र सिंह चंदेल, सीएचटी अविनाश कुमारी, बूथ प्रधान बलराम सैणी, पन्ना प्रमुख पवन कुमार, गुरदेव सिंह, समाजसेवी मोहन सहित अन्य उपस्थित रहे।
