
शिमला – जसपाल ठाकुर
राजधानी शिमला में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की नाबालिग छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामला लक्कड़ बाजार चौकी के साथ लगने वाले पगोग गांव का है। इस घटना से परिवार गम में डूब गया है। नाबालिग ने आत्मघाती कदम उठाने से लोग सहम गए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आठवीं कक्षा में पड़ने वाली किशोरी घर के आंगन में अपने भाई व चचेरे भाइयों के साथ खेल रही थी। शाम के समय वह अचानक अपने कमरे में गई। देर शाम परिजनों से जब कमरा खोला, तो बिटिया को फांसी पर लटका देख उनके होश पाख्ता हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के उपरांत शव स्वजनों को सौंप दिया है। यह साफ नहीं हो पाया है कि किशोरी ने आत्महत्या क्यों की। पुलिस के मुताबिक इस मामले में सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बहरहाल सदर थाना पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक नाबालिग जिद्द कर रही थी उसे पहले खेलने दिया जाए। इससे नाराज होकर वह वापिस घर चली गई, हालांकि ऐसा ब्यान दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस फारेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
