
दिल्ली- नवीन गुलेरिया
कनाडा के टोरेंटो में हुई एक कार दुर्घटना में पांच भारतीय छात्रों की मौत हो गई है। कनाडा स्थित भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया ने सोमवार को इस दुर्घटना की पुष्टि की। भारतीय उच्चायुक्त ने ट्वीट कर बताया कि टोरेंटो के निकट एक दु:खद हादसे में पांच भारतीय छात्रों की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हो गए है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कनाडा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच भारतीय छात्रों के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया। जयशंकर ने ट्वीट किया कि कनाडा में 5 भारतीयों के निधन से बेहद दुखी हूं। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
बिसारिया ने इस घटना को ‘‘हृदयविदारक त्रासदी” करार दिया। उन्होंने ट्वीट किया कि कनाडा में दिल दहला देने वाली घटना। शनिवार को टोरंटो के पास वाहन दुर्घटना में पांच भारतीय छात्रों की मौत हो गई। दो अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने के लिए हम पीड़ितों के दोस्तों के सम्पर्क में हैं।
दुर्घटना में मारे गए छात्रों की पहचान हरप्रीत सिंह (24), जसपिंदर सिंह (21), करनपाल सिंह (22), मोहित चौहान (23) और पवन कुमार (23) के रूप में हुई है। यह पांचों मांट्रियल और ग्रेटर टोरेंटों में पढ़ाई कर रहे थे। यह हादसा बेलेविले शहर से टोरेंटो को जोडऩे वाले राजमार्ग 401 पर हुआ, जिसमें एक ट्रैक्टर ट्रॉलर और यात्री वेन की टक्कर हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैन में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूस से घायल हुए। वैन में सवार दो अन्य यात्रियों को इलाज के लिए लाया गया। इस दुर्घटना में मात्र ट्रैक्टर -ट्रॉला चालक ही सुरक्षित बचा। दुर्घटना के बाद राजमार्ग के पश्चिम की ओर जाने वाली साइड को 10 घंटे के लिए बंद कर दिया गया था।
