
हमीरपुर- अनिल कपलेश
हिमाचल में क्लास थ्री की भर्तियों पर हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। इससे पहले कि राज्य सरकार से इवैल्यूएशन के 15 अंकों को खत्म करने की नोटिफिकेशन होती, कर्मचारी चयन आयोग ने खुद ही इस फैसले को आगामी भर्तियों के लिए लागू कर दिया है।
यदि सरकार से होने वाली नोटिफिकेशन में कोई बदलाव हुआ, तो इसमें संशोधन करना पड़ेगा। हालांकि कैबिनेट पहले ही 15 अंकों को खत्म करने की मंजूरी दे चुकी है, लेकिन फाइल अभी कार्मिक विभाग और विधि विभाग के बीच में उलझी हुई है। कर्मचारी चयन आयोग ने अपने बोर्ड में यह फैसला लिया है कि 12 मार्च, 2022 के बाद होने वाली सभी भर्ती परीक्षाओं में 100 अंकों का पेपर होगा।
आयोग के तहत होने वाली सभी परीक्षाओं में अब कुल 200 सवाल पूछे जाएंगे और हर प्रश्न का आधा नंबर मिलेगा। यानी कुल पेपर 100 अंकों का होगा, जो पहले 50 अंकों का था और 15 अंकों की इवैल्यूएशन होती थी। इससे पहले इन्हीं भर्ती परीक्षाओं में 200 अंकों का पेपर 30 अंकों का इंटरव्यू होता था, लेकिन अब हुए बदलाव में सिर्फ 100 नंबर की लिखित परीक्षा होगी, जबकि इवैल्यूएशन को खत्म कर दिया गया है।
आयोग के अनुसार 12 मार्च को मेडिकल लैबोरेट्री टेक्निशियन ग्रेड-2 का स्क्रीनिंग टेस्ट है और इसके बाद जुलाई तक घोषित सभी स्क्रीनिंग टेस्ट में पेपर सेटिंग की यही प्रक्रिया रहेगी। इसका अर्थ यह हुआ कि राज्य सरकार से 15 अंकों पर फैसला होने से पहले ही आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को बदल दिया है।
