
परागपुर-आशीष कुमार
नैहरनपुखर बाजार में इन दिनों धूल का ग्रहण लग गया है। कुछ दिन पहले नैहरनपुखर से प्रागपुर जाने वाले रास्ते के ऊपर आईपीएच विभाग ने खुदाई कर डाली। बताया जा रहा है कि रास्ते के बीचों बीच आईपीएच विभाग की पाइप गुजरती थी, वहीं उक्त पाइप से पानी की लिकेज हो रही थी, जिससे सारा पानी सड़क पर बह रहा था।
आईपीएच विभाग ने लिकेज तो ठीक कर दी परन्तु एक बड़ी समस्या राहगीरों को दे दी। उस पाइप को ठीक करने के लिए खुदाई करनी थी जिसके लिए जल शक्ति विभाग ने सड़क के बीचों बीच जेसीबी लगाकर खुदाई कर डाली। बाद में खानापूर्ति करते हुए गड्ढों को उचित तरीके से नहीं भरा।
आलम ऐसा है कि जो भी वाहन या व्यक्ति यहां से गुजर रहा है उसे भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालत तो इतनी दयनीय है कि 5 से 6 बार यहां वाहन फंस चुके हैं। यहीं नहीं उन्हें स्थानीय दुकानदारों की मदद से निकाला गया। गाड़ी फंसने के उपरांत यहां बाजार में लंबा जाम लग रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि एक समस्या का समाधान विभाग तो कर गया परंतु दूसरी उनके सर डाल गया। लोगों को उक्त गड्डे में भरी गई मिट्टी से उत्पन्न होने वाली धूल का सामना करना पड़ रहा है। कपड़ा व्यापारी विकास पटियाल ने कहा कि विभाग जल्द से जल्द इस पर एक्शन ले ।
अगर विभाग ने 2 दिन के भीतर इस पर उचित कार्रवाई नहीं की तो विवश होकर धरना प्रदर्शन की राह अपनानी पड़ेगी। सब्जी विके्रता अशोक कुमार ने कहा कि यह कैसा समस्या का समाधान किया गया जिससे निजात मिलना तो दूर की बात उल्टी समस्या उनके सर पड़ गइ। स्थानीय दुकानदारों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदार संजीव कुमार, अशोक शर्मा, अश्वनी कुमार, योगिंद्र पाल, दीपक, सोनू इत्यादि ने विभाग से मांग की जल्द उन्हें इस समस्या से निजात दिलाई जाए।
इस मामले में तीन विभागों की नाकामी नजर आ रही है। क्योंकि लोक निर्माण विभाग , जल शक्ति विभाग , एनएच विभाग से संबंधित यह कार्य है। परंतु विभागीय अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में हैं।
क्या कहते हैं एसडीओ सुनहेत आशीष चौधरी
एसडीओ आईपीएच सुनहेत आशीष चौधरी ने बताया कि पानी की पाइप में लीकेज थी। इसलिए यह खुदाई की गई थी ,जो भी समस्या लोगों को आ रही है, जल्द इससे निजात दिलाई जाएगी। खड्डों को भरा जाएगा।
क्या कहते हैं पीडल्ब्यूडी एक्सिएन दिनेश धीमान
पीडब्ल्यूडी देहरा के एक्सईएन दिनेश धीमान ने कहा कि आईपीएच विभाग ने यह खुदाई की है। पता चला था कि यह दिक्कत लोगों को आ रही है । जल्द ही लोगों को समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा।
