
जिला चम्बा से अब कांगड़ा सहित अन्य जिलों के लिए सफर होगा सुगम, लोनिवि की जोत से चुवाड़ी तक 23 किमी मार्ग का विस्तारीकरण करने की योजना।
चम्बा- भूषण गुरुंग
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना फेस-थ्री के तहत विभाग ने 23 करोड़ की डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी है, जिसे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलने पर विभाग युद्धस्तर पर मार्ग के विस्तारीकरण का कार्य शुरू करेगा।
जिला मुख्यालय चंबा से कांगड़ा पहुंचने के लिए वाहन चालकों को वाया जोत 130 किमी और वाया बनीखेत 180 किमी का सफर तय करना पड़ता है। ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग ने चंबा वाया जोत मार्ग को वर्ष भर खुला रखने की योजना बनाई है। डीपीआर को स्वीकृति मिलने पर मार्ग को अपग्रेड किया जाएगा। आवश्यकतानुसार कई जगह पुलियों और डंगों का निर्माण होगा।
गौरतलब है कि चंबा से जोत तक के 27 किमी मार्ग का लोनिवि ने विस्तारीकरण कर इसे यातायात के लिए पहले ही सुचारु करवा दिया है। ऐसे में अब जोत से चुवाड़ी तक के मार्ग का विस्तारीकरण किया जाएगा। इससे आने वाले समय में स्थानीय लोगों सहित पर्यटन कारोबार को भी पंख लगने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग डलहौजी के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि जोत से चुवाड़ी तक 23 किमी मार्ग के विस्तारीकरण को लेकर 23 करोड़ की डीपीआर केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी गई है। कहा कि एक माह में डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर आवंटित करवा दिया जाएगा।
