
कांगड़ा- राजीव जसवाल
एसडीम कांगड़ा श्री अभिषेक वर्मा ने संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को मकर सक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दी और कोरोना महामारी के नए रूप जिसे ओमीक्रोन वैरीअंट का नाम दिया गया है यह कितना खतरनाक है इसके बारे में बताया। कोरोना के नए रूप की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा बनाई गई नई गाइडलाइन क्या है और उन्हें कैसे लागू करवाया जाएगा इसके बारे में उन्होंने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पहले की तरह कांटेक्ट ट्रेसिंग की जाएगी। टेस्टिंग की दर को बढ़ाया जाएगा। एक साथ 5 पॉजिटिव केस आने वाली जगह को माइक्रो जोन बनाया जाएगा। नाइट कर्फ्यू तथा सरकार द्वारा जारी की गई नई अन्य गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संक्रमण की बढ़ती दर के चलते इस बार कांगड़ा मंदिर में होने वाला जिला स्तरीय धृत पर्व भी कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप साधारण तरीके से ही मनाया जाएगा। इस पर्व पर किए जाने वाले समस्त कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। मक्खन चढ़ाने और उतारने की परंपरा को प्रशासन की देखरेख में संपन्न करवाया जाएगा। मक्खन का वितरण प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार होगा।
मकर सक्रांति के दिन रात्रि को जागरण का आयोजन नहीं होगा। मकर सक्रांति वाले दिन रात्रि में मंदिर बंद रहेगा। श्रद्धालु केवल दिन के समय ही दर्शन कर पाएंगे। उन्होंने कहा की इस बार कोरोना का नया रूप ओमीक्रोन छोटे बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। इसलिए हमारी जिम्मेवारी बहुत अधिक बढ़ जाती है कि जितनी जल्दी हो हम इसकी गंभीरता को समझें और कोरोना से बचने के लिए बनाए गए प्रत्येक नियम का पालन करें।
उन्होंने कहा पहले जैसी स्थिति का सामना दोबारा ना करना पड़े इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति कोविड-19 अनुरूप व्यवहार का पालन करें। स्वयं सुरक्षित रहे तथा दूसरों को सुरक्षित रखें।
