
नखलेहड़ा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एड्स पर जागरूकता शिविर आयोजित, एड्स पर भाषण प्रतियोगिता में ईशा शर्मा प्रथम, अंचल द्वितीय तथा नैंसी तृतीय
बिलासपुर- सुभाष चंदेल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक का विद्यालय नखलेहड़ा में खंड स्तरीय विश्व एड्स दिवस का आयोजन किया गया l इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता खण्ड विकास समिति सदस्य श्रीमती रानी देवी तथा स्कूल के प्रधानाचार्य पवन चंदेल ने सामूहिक रूप से की l
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए स्वास्थ्य शिक्षक रमेश चंदेल ने उपस्थिति लगभग 150 विद्यार्थियों तथा अध्यापकों को संबोधित करते हुए बताया कि
वर्तमान में हमारे देश में लगभग 23 लाख 49 हजार लोग एचआईवी पीड़ित हैं तथा इनमें से 2 लाख प्रतिवर्ष मृत्यु का शिकार हो रहे हैं l गत वर्षो में चले जागरूकता अभियानों के परिणामस्वरूप वर्ष 2010 के बाद आज तक एड्स पीड़ितों में 37% की कमी देखी गई है l
उन्होंने आगे कहा कि एड्स एक लाइलाज बीमारी है तथा इसका एकमात्र बचाव जागरूकता ही है ! लोगों को इस बीमारी के लक्षण और बचाव तथा फैलने के कारणों के बारे में जानकारी होना आवश्यक है l हर व्यक्ति को समय-समय पर अपनी शारीरिक जांच करवानी चाहिए l
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वेच्छापूर्वक अपनी एचआईवी की जांच करवानी चाहिए l वर्तमान में प्रत्येक गर्भवती महिला की एचआईवी जांच निशुल्क की जाती है तथा इस संबंध में की गई जांच को गोपनीय रखा जाता है l
उन्होंने आगे बताया कि एचआईवी के प्रति किसी भी जानकारी के लिए एड्स कंट्रोल सोसाइटी तथा भारत सरकार द्वारा जारी 1097 टोल फ्री नंबर पर किसी भी समय फोन करके एचआईवी एड्स के प्रति जानकारी हासिल की जा सकती है !
हम सभी को समाज के प्रति अपना कर्तव्य निर्वहन करते हुए हर व्यक्ति को एचआईवी की जानकारी देना और जांच के प्रति प्रेरित करना है तथा साथ ही पॉजिटिव लोगों से आत्मीय तथा आदर्श व्यवहार करना होगा l
पाठशाला प्रधानाचार्य पवन चंदेल ने कहा कि छात्र अपने जीवन में स्वस्थ आदतें डालें तथा उज्जवल भविष्य बनाएं l
इस अवसर पर बी डी सी सदस्य रानी देवी, स्कूल के अध्यापक अमरजीत, कुलविंदर, रीता, राकेश, महेंद्र, रेनू के साथ-साथ आशा कार्यकर्ता रेखा, सोमा, बीना, किरण, तथा स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे
